भारतीय पुरुष टीम ने पोलैंड को हराया

indian-hockey-team

भारतीय पुरुष टीम ने मंगलवार को हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल्स के पूल ‘ए’ में पोलैंड को 3-0 से हरा दिया। सरदार सिंह की अगुआई वाली भारतीय टीम की टूर्नामेंट में यह लगातार दूसरी जीत है। उसने पहले मैच में फ्रांस को 3-2 से हराया था।भारत को मैच में तीन पेनल्टी कॉर्नर हासिल हुए, लेकिन जीत उसे मैदानी गोलों ने दिलाई। भारत के लिए ये गोल युवराज वाल्मीकि, कप्तान सरदार सिंह और देविंदर वाल्मीकि ने दागे। मैच का पहला क्वार्टर लगभग नीरस रहा। दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रमण की गति बढ़ा दी। इस बीच पोलैंड ने 21वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन दिग्गज गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने इसका खूबसूरती से बचाव किया।

इसके ठीक बाद भारतीय टीम ने पलटवार किया। गोल की ओर बीरेंद्र लकड़ा के दमदार शॉट को युवराज ने बेहद फुर्ती से दिशा देकर भारत को 23वें मिनट में 1-0 से बढ़त दिला दी। मध्यांतर से ठीक पहले भारत अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल करने में सफल रहा, लेकिन मनप्रीत सिंह के शॉट को पोलैंड के गोलकीपर ने बचा लिया।

तीसरे क्वार्टर में भी भारतीय दबदबा बना रहा। सरदार ने कुछ ही देर बाद शानदार हमला किया और कई खिलाड़ियों को छकाते हुए पोलैंड के डी में प्रवेश करने के बाद दमदार शॉट के जरिये 41वें मिनट में भारत के लिए दूसरा गोल किया। पोलैंड के लाख प्रयास के बावजूद भारतीय रक्षापंक्ति ने उन्हें हावी नहीं होने दिया। 52वें मिनट में चिकलेनसेना सिंह के तेज शॉट को डी के अंदर मौजूद देविंदर ने कुशलतापूर्वक गोल की दिशा देकर भारत के लिए तीसरा गोल दाग दिया। देविंदर का टूर्नामेंट में यह दूसरा गोल है। भारतीय टीम अब शुक्रवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी। दिन के एक अन्य मैच में ग्रेट ब्रिटेन को उसके पड़ोसी आयरलैंड ने 2-2 की बराबरी पर रोक दिया।

Check Also

अगले महीने पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी भारतीय हॉकी टीम

भारतीय पुरुष हॉकी टीम पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 से पहले नवम्बर 2022 में पांच …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *