पीएम नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देहरादून के वन अनुसंधान केंद्र में किया योगाभ्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देहरादून के वन अनुसंधान केंद्र के मैदान पर योगाभ्यास किया। यहां करीब 50 हजार लोगों के एकसाथ योग करने का दावा किया गया। इससे पहले इस कार्यक्रम में मोदी ने योग की अहमियत बताई। उन्होंने कहा कि योग देश और दुनिया के हर कोने में शरीर और समाज को जोड़ने का काम कर रहा है।

हम हमारी इस विरासत पर गर्व करेंगे तो विश्व हम पर गर्व करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र में सबसे कम समय में स्वीकार किया जाने वाला प्रस्ताव योग दिवस का है। यह हमारे लिए गर्व की बात है।प्रधानमंत्री ने कहा नियमित योग का सीधा प्रभाव सेहत पर पड़ता है। इसमें भी योग की बहुत बड़ी भूमिका है।

योग ने दुनिया को इलनेस से वेलनेस का रास्ता दिखाया। राष्ट्रनिर्माण की किसी भी प्रक्रिया से जुड़ने के लिए सभी का स्वस्थ्य रहना आवश्यक है। इसमें योग का भी बड़ा योगदान है। जो लोग योग से जुड़े हैं, वे इसमें निरंतरता लाएं। और जो नहीं जुड़े हैं, वे भी इससे जुड़े। योग ही भारत और विश्व के बीच निकटता लाया है।

मोदी ने कहा योग आज दुनिया की सबसे पावरफुल यूनिफाइंग फोर्सेस में से एक बन गया है। हम सभी के लिए गौरव की बात है कि आज जहां-जहां उगते सूर्य की किरणें पहुंच रही हैं, प्रकाश का विस्तार हो रहा है, वहां-वहां लोग योग से सूर्य का स्वागत कर रहे हैं। हिमालय के हजारों फीट ऊंचे पर्वत हों या धूप से तपता रेगिस्तान हो योग हर परिस्थिति में जीवन को समृद्ध कर रहा है।

जब तोड़ने वाली ताकतें हावी हों तो समाज में बिखराव आता है। व्यक्ति खुद ही अंदर से टूटता जाता है। जीवन में तनाव बढ़ता जाता है। इस बिखराव के बीच योग जोड़ने का काम करता है।प्रधानमंत्री ने कहा आज की आपाधापी वाली जिंदगी में योग मन, शरीर, बुद्धि और आत्मा को जोड़कर व्यक्ति को शांति की अनुभूति कराता है।

समाज में सद्भाव बढ़ाता है। समाज राष्ट्र की एकता का सूत्र बनता है। ऐसे समाज देश में शांति का सूत्रपात करते हैं। योग संपूर्ण मानवता को जोड़ता है। विश्व का हर नागरिक, विश्व का हर देश योग को अपना मानने लगा है। हम हिंदुस्तान के लोगों के लिए एक बहुत बड़ा संदेश है कि हम उस महान परंपरा के धनी हैं।

प्रधानमंत्री ने दुनियाभर के योग प्रेमियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कर उनकी सराहना की। उन्होंने कहा योग सिर्फ व्यायाम नहीं है, बल्कि यह शरीर को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने की शैली है। यह स्वास्थ्य बीमा का पासपोर्ट, तंदुरुस्ती और आरोग्य का मंत्र है। योग सिर्फ सुबह की गई कसरत नहीं है। लगन के साथ आपकी दिनचर्या और पूरी जागरुकता भी योग है।

Check Also

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को दिया एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने का निर्देश

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को 1 अप्रैल, 2023 तक एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *