मैक्सिको के टुल्पेटिक में एक पटाखा फैक्ट्री में सिलसिलेवार धमाकों में 19 लोगों की मौत हो गई। 49 लोग जख्मी बताए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, एक के बाद एक धमाके होने की वजह से फैक्ट्रियों में राहत और बचाव कार्य में जुटे कुछ कर्मचारियों की भी इनकी चपेट में आकर मौत हो गई।
टुल्पेटिक शहर में स्थानीय समयानुसार गुरुवार सुबह 9:30 बजे पहला विस्फोट हुआ। उसके बाद आग अन्य गोदामों तक फैल गई। विस्फोट के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और दमकल विभाग के 100 से भी ज्यादा कर्मी आग बुझाने की कोशिश में जुटे हैं।
साथ ही शहर की नाकाबंदी भी कर दी गई है। हादसे में मारे गए लोगों में 4 दमकल और 5 पुलिसकर्मी शामिल हैं। रेडक्रॉस ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा गुरुवार सुबह हुए हादसे में दमकल और पुलिस कर्मियों समेत जिन लोगों ने जान गंवाई हैं, उनकी मौत का हमें गहरा दुख हैं।
65 हजार लोगों की आबादी वाला टुल्पेटिक अपने पटाखा उद्योगों के लिए मशहूर है। हालांकि, शहर अपने कुछ पुराने हादसों के लिए भी जाना जाता है। यहां दिसंबर 2016 में भी पटाखों के बाजार में भीषण आग लग गई थी, जिसमें 42 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी और 70 से ज्यादा लोग जख्मी हुए थे।