आईपीएल में 12वें सीजन के फाइनल में चेन्नई सुपरकिंग्स को 1 रन से हराकर चौथी बार चैम्पियन बना मुंबई इंडियंस

हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम पर खेले गए फाइनल में मुंबई इंडियंस इंडियन ने चेन्नई सुपरकिंग्स को 1 रन से हरा दिया। चेन्नई को दो रन आउट भारी पड़ गए। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को (2 रन) 13वें ओवर में ईशान किशन ने रन आउट किया।

वहीं, शेन वॉटसन 59 गेंदों में 80 रन बनाने के बाद आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर रन आउट हो गए। इसके बाद चेन्नई आखिरी 2 बॉल में 4 रन नहीं बना पाया और मुंबई चैम्पियन बन गया। मुंबई अब आईपीएल की सबसे सफल टीम बन गई है।

उसने पिछले 7 साल में चौथी बार यह खिताब जीता है। इससे पहले वह 2013, 2015 और 2017 में चैम्पियन बन चुका है। मुंबई ने 2017 में भी एक रन से फाइनल जीता था। तब उसने राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स को 1 रन से हराया था।

यह तीसरा मौका है, जब उसने फाइनल में 150 रन से कम का स्कोर डिफेंड किया है। जसप्रीत बुमराह मैन ऑफ द मैच चुने गए। वे 2017 के फाइनल में भी मैन ऑफ द मैच बने थे।इस मैच में मुंबई ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया।

उसने 20 ओवर में 8 विकेट पर 149 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 148 रन ही बना पाई। चेन्नई की ओर से शेन वॉटसन ने सबसे ज्यादा 80 रन बनाए। मुंबई की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 2, जबकि क्रुणाल पंड्या, लसिथ मलिंगा और राहुल चाहर ने 1-1 विकेट लिए।

आईपीएल फाइनल में चौथी बार 150 से कम रन बनाकर कोई टीम चैम्पियन बनी। मुंबई ने यह कारनामा तीसरी बार किया है। उसने 2013 में 148 रन बनाकर चेन्नई सुपरकिंग्स को 23 रन से हराया था। इसके बाद 2017 में 129 रन बनाकर राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स को 128 रन पर रोक दिया था।

मुंबई के अलावा 2009 के फाइनल में डेक्कन चार्जर्स ने 143 रन बनाकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 6 रन से जीत हासिल की थी।इससे पहले मुंबई की ओर से कीरोन पोलार्ड ने सबसे ज्यादा नाबाद 41 रन बनाए। चेन्नई के लिए दीपक चाहर ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।

मुंबई की ओर से रोहित शर्मा ने 14 गेंद पर 15, डीकॉक ने 17 गेंद पर 29 और सूर्यकुमार ने 17 गेंद पर 15 रन बनाए। क्रुणाल पंड्या 7 गेंद पर 7 रन ही बना पाए। हार्दिक पंड्या 10 गेंद पर 16 रन बनाकर आउट हुए। सुरेश रैना ने 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर उनका कैच छोड़ दिया था।

उस समय पंड्या 4 रन पर खेल रहे थे। राहुल चाहर बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। वे अपने भाई दीपक चाहर की गेंद पर फाफ डुप्लेसिस के हाथों कैच आउट हुए।मुंबई का पहला विकेट 5वें ओवर की 5वीं गेंद पर गिरा। शार्दुल ठाकुर की गेंद को कट करने की कोशिश में क्विंटन डीकॉक विकेट के पीछे महेंद्र सिंह धोनी को कैच थमा बैठे।

अगले ओवर की दूसरी गेंद पर रोहित शर्मा भी पवेलियन लौट गए। दीपक चाहर की गेंद पर उनका कैच भी धोनी ने पकड़ा। इस समय मुंबई का स्कोर 45 रन था। इन दोनों के आउट होने का असर मुंबई के रनरेट पर भी पड़ा। उसने पहले 4 ओवर में 37 रन बनाए थे, जबकि अगले 4 ओवर में वह 16 रन ही बना पाई।

क्वालिफायर-1 में चेन्नई के खिलाफ अर्धशतक लगाने वाले सूर्यकुमार यादव को इमरान ताहिर ने बोल्ड किया। शार्दुल ने अपनी ही गेंद पर क्रुणाल का कैच पकड़ा। शार्दुल के हाथ से पहले कैच छूट गया था, लेकिन उन्होंने गेंद के जमीन पर गिरने से पहले फिर उसे कब्जे में ले लिया।

इमरान ने ईशान किशन को भी पवेलियन की राह दिखाई। इस सीजन में इमरान ने उन्हें चौथी बार आउट किया।इमरान ताहिर इस सीजन में सबसे ज्यादा 26 विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। उन्होंने दिल्ली के कगिसो रबाडा (25 विकेट) को पीछे छोड़ा। वे आईपीएल में पर्पल कैप जीतने वाले दूसरे स्पिनर हैं। उनसे पहले प्रज्ञान ओझा ने 2010 में पर्पल कैप हासिल की थी।

इस मैच में मुंबई ने अंतिम एकादश में एक बदलाव किया। उसने जयंत यादव की जगह मिशेल मैक्लेनाघन को शामिल किया। चेन्नई की टीम ने कोई बदलाव नहीं किया। चेन्नई सुपरकिंग्स के इमरान ताहिर आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा उम्र में फाइनल खेलने वाले क्रिकेटर बने। उनकी 40 साल 46 दिन है।

दोनों टीमें : चेन्नई सुपरकिंग्स : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), फाफ डुप्लेसिस, शेन वॉटसन, सुरेश रैना, अंबाती रायडू, ड्वेन ब्रावो, रविंद्र जडेजा, हरभजन सिंह, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, इमरान ताहिर।

मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डीकॉक, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, क्रुणाल पंड्या, हार्दिक पंड्या, कीरोन पोलार्ड, राहुल चाहर, मिशेल मैक्लेनाघन, जसप्रीत बुमराह, लसिथ मलिंगा।

Check Also

ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप 2022 से बाहर हुए भारत के शीर्ष तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह

भारत के शीर्ष तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप 2022 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *