उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में झुलसाने वाली गर्मी से लोग परेशान

उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। पूरे उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्से लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब आैर जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में अगले दो-तीन दिन तक लू का कहर जारी रहेगा।

उत्तर भारत में अगले पांच दिन तापमान में कोई गिरावट आने का अनुमान नहीं है। मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग के अनुसार रविवार को मध्य प्रदेश का खजुराहो देश में सबसे गर्म रहा जहां पारा 47.2 डिग्री तक चढ़ गया।

हालांकि, राजस्थान के बूंदी में तहसील कार्यालय के अनुसार रविवार को सबसे ज्यादा तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। झालावाड़ और बारां में भी तापमान 48 डिग्री बताया गया।महाराष्ट्र में अकोला के बाद मध्य प्रदेश के सतना में रात का तापमान सबसे ज्यादा 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, महाराष्ट्र के पुणे और उसके आसपास के इलाकों में दोपहर बाद हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। उधर, दिल्ली के पालम में पारा 45.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर और इलाहाबाद में पारा 46 डिग्री को छू गया, जबकि झांसी अौर आगरा में तापमान 46 डिग्री के पार पहुंचा।

मौसम एक्सपर्ट एसके नायक ने बताया कि मानसून की रफ्तार बहुत अच्छी है। संकेत मिल रहे हैं कि यह 29 मई को केरल पहुंच सकता है। अगले 24 घंटे में इसके दक्षिण अरब सागर के कुछ हिस्सों, पूरे कोमोरिन, मालदीव, बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से में पहुंचने की संभावना है।समुद्री चक्रवात मेकुनु ने यमन के सोकोत्रा आईलैंड और ओमान में भारी तबाही मचाई है।

चक्रवात के कारण यहां तीन भारतीयों समेत 11 लाेगों की मौत हो गई। इससे 170 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। 50 भारतीय कैंप में सुरक्षित हैं। सोकोत्रा के गवर्नर राम्जी महरौस ने कहा है कि आईलैंड में दो भारतीयों समेत सात लोगाें की मौत हुई है। आठ भारतीय नाविक लापता हैं।

Check Also

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को दिया एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने का निर्देश

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को 1 अप्रैल, 2023 तक एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *