बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा पहुंचा मानसून

mansoon_guestchatnewe

मानसून के बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा पहुंचने के साथ ही तीनों राज्यों में शुक्रवार को अच्छी बारिश हुई, जबकि राजधानी दिल्ली को अब भी गर्मी से राहत का इंतजार है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बिहार, गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, विदर्भ, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, तटवर्ती कर्नाटक और केरल में शनिवार को भारी बारिश हो सकती है।

हालांकि राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस पहुंचने तथा उमस भरे मौसम के कारण दिल्ली के लोगों को काफी परेशानी हो रही है। न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस और आर्द्रता 45 से 86 प्रतिशत के बीच मापी गयी।

अन्य तीनों मेट्रोपॉलिटन कोलकाता, चेन्नई और मुंबई में अधिकतम तापमान क्रमश: 32.8, 37.1 और 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केरल और लक्ष्यद्वीप में कई घंटों तक भारी वष्रा हुई है जिसके कारण कई पेड़ उखड़ गए हैं और सड़के क्षतिग्रस्त हो गयी हैं। उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मानसून पूर्व छिटपुट बारिश का सिलसिला जारी है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में मानसूनपूर्व बारिश हुई। इस दौरान गाजीपुर, मुहम्मदाबाद, जमानिया और जलेसर में पांच-पांच सेंटीमीटर बारिश रिकार्ड की गयी। इसके अलावा घोसी में चार, तरबगंज, सुलतानपुर, सफीपुर, जसराना और हाथरस में दो-दो सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गयी।

इस बारिश से फैजाबाद मण्डल में तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गयी। इसके अलावा गोरखपुर, वाराणसी तथा इलाहाबाद मण्डलों में भी तापमान में खासी कमी रिकार्ड की गयी। फैजाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, गोरखपुर, इलाहाबाद, कानपुर, लखनऊ, बरेली, आगरा, वाराणसी तथा झांसी मण्डलों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा।

पिछले 24 घंटे के दौरान झांसी 41.7 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। अगले 24 घंटे के दौरान भी राज्य के कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।

Check Also

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को दिया एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने का निर्देश

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को 1 अप्रैल, 2023 तक एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *