2-3 दिन में उत्तर भारत में असर दिखाएगा मानसून

mansoon

रफ्तार से प्रगति के बाद अब दक्षिण पश्चिमी मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले दो-तीन दिनों में इसका असर तकरीबन पूरे उत्तर भारत में दिखाई देने लगेगा। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में भी अगले दो-तीन दिनों में मानसून दस्तक दे सकता है। इन क्षेत्रों में मानसून पूर्व की बरसात ने इसके पर्याप्त संकेत दे दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को मानसून ने बिहार में दस्तक दे दी। जिससे भागलपुर, बांका, पूर्णिया, कटिहार और पूर्णिया जिलों में जमकर बारिश हुई। इसक असर राजधानी पटना तक देखने को मिला। विभाग ने कहा है कि आने वाले कुछ घंटों में मानसून झारखंड, गुजरात, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी प्रगति करेगा। अनुमानों को झुठलाते हुए देश में अब तक हुई बारिश सामान्य से 21 फीसद ज्यादा रही है।

उत्तरी अरब सागर, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, पूरे उत्तर प्रदेश, हिमाचल, जम्मू एवं कश्मीर, मध्य प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में अगले तीन दिनों में मानसून की प्रगति के लिए स्थितियां अनुकूल हैं। निजी मौसम विज्ञान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक शुरुआती देरी और धीमेपन के बाद दक्षिण पश्चिमी मानसून रफ्तार पकड़ चुका है। उत्तर भारत के बाकी हिस्सों में मानसून की प्रगति तेजी से होगी, वहीं हिमाचल प्रदेश में 24 और 25 जून को भारी बारिश होने के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश क्षेत्र में कई मौसम तंत्र हैं और अभी ये सक्रिय हैं। इसके चलते प्रदेश में भारी बारिश की संभावना बनी है। एक ओर पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ी क्षेत्र में असर दिखा रहा है, वहीं मध्य पाकिस्तान और इससे जुड़े पंजाब क्षेत्र में चक्रवाती मौसम तंत्र सक्रिय है।

Check Also

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को दिया एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने का निर्देश

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को 1 अप्रैल, 2023 तक एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *