हरियाणा की सिंगर और डांसर हर्षिता दाहिया (20) की उनकी ही कार में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के वक्त हर्षिता के साथ उनके कुछ दोस्त भी थे। इन्हें हमलावरों ने गाड़ी से उतार दिया था। हर्षिता को चार गोलियां लगीं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के कुछ घंटे पहले ही हर्षिता ने फेसबुक पर धमकी मिलने की बात बताई थी।
हर्षिता दहिया सोनीपत के मोहम्मदपुर गांव रहने वाली थीं। फिलहाल, अपनी मौसी के साथ दिल्ली के नरेला में रह रहीं थीं। हर्षिता के माता-पिता का निधन हो चुका है। हर्षिता की दो बहनें और हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।हर्षिता पिछले डेढ़ साल में डांस और सिंगिंग से मशहूर हो गईं थीं। फेसबुक पेज पर वो अपने वीडियो भी अपलोड करती रहतीं थीं।
मौत से पहले भी धमकी दिए जाने की बात भी उन्होंने फेसबुक पर अपलोड वीडियो में बताई थी।मंगलवार शाम करीब चार बजे हर्षिता एक प्रोग्राम से लौट रहीं थीं। उनका ड्राइवर गाड़ी चला रहा था। उनके साथ संदीप और निशा नाम के दोस्त भी थे।सोनीपत के रास्ते में एक कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया और फिर हर्षिता की गाड़ी को रोक लिया। इसमें से दो लोग बाहर आए।
हर्षिता के साथियों को भाग जाने को कहा। इसके बाद नजदीक से हर्षिता को चार गोलियां मारीं।मामले की जानकारी मिलते ही एसपी राहुल शर्मा, डीएसपी क्राइम देशराज और एफएसल की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल, हत्या की वजह सामने नहीं आई है। हर्षिता ने फेसबुक वीडियो में कहा था कि वो धमकियों से डरने वाली नहीं हैं।