हिमाचल में कांग्रेस के कार्यकारी अध्‍यक्ष हर्ष महाजन हुए भाजपा में शामिल

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस इकाई के वरिष्ठ नेता व कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया।केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े की मौजूदगी में उन्होंने यहां भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।इस साल के अंत में हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले महाजन के भाजपा में शामिल होने को बड़ा झटका माना जा रहा है।

महाजन को इस साल मई में प्रदेश कांग्रेस समिति का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।इस अवसर पर गोयल ने महाजन का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि हिमाचल प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्यों को लेकर पहले यह धारणा थी कि जो पार्टी सत्ता में है वह दोबारा सरकार नहीं बनाती है लेकिन हाल में उत्तराखंड में भाजपा ने इस मिथक को तोड़ा है।

महाजन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कांग्रेस नेतृत्व को आड़े हाथों लिया।उन्होंने कहा कि जब तक वीरभद्र सिंह थे तब तक वहां कांग्रेस थी लेकिन हिमाचल प्रदेश में आज कांग्रेस दिशाहीन और नेतृत्वविहीन हो गई है। उन्होंने कहा कांग्रेस में ना लीडर हैं, ना ही विजन है। बस, मां-बेटे का राज है।महाजन का इशारा वीरभद्र सिंह की पत्नी और पुत्र की ओर था।

वीरभद्र सिंह का पिछले साल निधन हो गया था। उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह मंडी से सांसद हैं और वह प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं। उनके पुत्र विक्रमादित्य सिंह विधायक हैं।महाजन लंबे समय तक वीरभद्र सिंह के सहयोगी रहे। वह हिमाचल प्रदेश के पशुपालन मंत्री भी रह चुके हैं। महाजन के पिता देश राज महाजन विधानसभा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। हर्ष महाजन तीन बार लगातार चंबा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक बने।

Check Also

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को दिया एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने का निर्देश

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को 1 अप्रैल, 2023 तक एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *