RSS की सरकारी दफ्तरों में शाखाएं बैन करने को लेकर केंद्रीय मंत्री व भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को सुझाव दिया है कि उन्हें संघ की शाखाओं में जाना चाहिए।
खासकर दिग्विजय को। उन्हें हाफिज सईद और आतंकियों से बहुत प्रेम है। उमा के इस कटाक्ष पर दिग्विजय ने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें जो कहना है कहने दें।उमा भारती ने बुधवार को भोपाल में मीडिया से बात की।
उन्होंने यह भी कहा कि संघ में राष्ट्रवादी विचारधारा के लोग हैं। ऐसे लोगों से संघ पर कोई फर्क नहीं पड़ता। उमा भारती ने केन बेतवा लिंक प्रोजेक्ट के बारे में कहा कि इस पर सहमति मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश की सरकार के बीच 2005 मे हो चुकी थी।
इस बारे में मुख्यमंत्री कमलनाथ से उन्होंने बात की है।साथ ही कहा कि इस प्रोजेक्ट को पूरा करने में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार आचार संहिता लगने से पहले इस योजना को शुरू करना चाहती है। यह 30 हजार करोड़ का प्रोजेक्ट है, जो भारत का पहला रिवर इंटर लिंकिंग प्रोजेक्ट बनेगा।
सात हजार लोग ही इससे प्रभावित होंगे। सत्तर लाख लोगों के लिए पीने के पानी के साथ सिंचाई की भी व्यवस्था हो सकेगी।इससे पहले राम मंदिर पर उन्होंने कहा कि राम की जन्मभूमि पर राम मंदिर ही बनेगा।
जैसे मक्का में मंदिर नही बन सकता, उसी तरह अयोध्या में मंदिर के अलावा कुछ नहीं बन सकता। एयर स्ट्राइक मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो काम किए हैं, वह चुनाव के लिए पर्याप्त हैं।