आम चुनाव 2024 की तैयारियों में जुटी भाजपा ने शुक्रवार को 15 राज्यों के प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की। कुछ के विभाग बदले गए हैं तो कुछ की छुट्टी की गई है।नई नियुक्तियों के तहत बिहार का प्रभारी भूपेंद्र सिंह यादव की जगह महाराष्ट्र के नेता विनोद तावड़े को बनाया गया है। छत्तीसगढ़ का प्रभार ओम माथुर को सौंपा गया है।
दमन दीव, दादर व नागर हवेली का प्रभार विनोद सोनकर को दिया गया है।हरियाणा का प्रभार त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लव देव को सौपा गया है। लक्ष्मीकांत वाजपेयी को झारखंड का प्रभार दिया गया है जबकि प्रकाश जावड़ेकर को केरल की जिम्मेदारी दी गई है। राधा मोहन अग्रवाल को लक्षद्वीप का प्रभारी बनाया गया है।
मुरलीधर राव को मध्यप्रदेश सौंपा गया है। विजय रूपाणी को पंजाब और चंडीगढ़ का प्रभारी बनाया गया है।वहीं तरुण चुग का तेलंगाना और अरुण सिंह का राजस्थान का प्रभार बरकरार रखा गया है। डा. महेश शर्मा को त्रिपुरा का प्रभार सौंपा गया है। पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी मंगल पांडेय को दी गई है।