एक्टर शाहिद कपूर और दिल्ली गर्ल मीरा राजपूत की शादी को एक महीना भी नहीं बचा है। अगले महीने की 10 तारीख को यह कपल शादी के बंधन में बंध जाएगा। ताजा खबर यह है कि शादी में मेहमानों को जो खाना परोसा जाएगा, वह पूरी तरह शाकाहारी होगा। सूत्रों के अनुसार, ऐसा शाहिद के वेजिटेरियन होने की वजह से नहीं, बल्कि वर और वधू दोनों के पेरेंट्स के कहने पर हो रहा है। दरअसल, दोनों परिवार राधा स्वामी सत्संग व्यास के अनुयायी हैं। शादी में उनके गुरु भी शामिल होंगे। इसी वजह से उन्होंने शादी में वेजिटेरियन खाने का अरेंजमेंट करने का फैसला लिया।शादी काफी निजी समारोह के तहत होगी, जिसमें फैमिली मेंबर्स के अलावा शाहिद और मीरा के चुनिंदा दोस्त शामिल हो सकते हैं।
वहीं, सुना है कि शादी के बाद शाहिद ने एक रिसेप्शन देने का प्लान भी बनाया है, जिसमें वेजिटेरियन और नॉन वेजिटेरियन दोनों तरह का खाना सर्व किया जाएगा।शादी में शामिल होने वाले मेहमानों की तो खबर यह है कि बॉलीवुड से फिल्ममेकर विशाल भारद्वाज, कुणाल कोहली, विकास बहल और प्रोड्यूसर मधु मंतेना सहित चुनिंदा सेलेब्स शादी अटेंड करने पहुंच सकते हैं। हालांकि, फाइनल लिस्ट अभी आनी बाकी है।शाहिद और मीरा की सगाई 14 जनवरी को मकर संक्रांति के मौके पर हुई थी। हालांकि, वे मीडिया की नजरों से छुपते रहे। सूत्रों की मानें तो मीरा की उम्र करीब 23 साल है, जबकि शाहिद 34 साल के हो चुके हैं। यानी कि शाहिद अपने से 11 साल छोटी लड़की से शादी करने जा रहे हैं।