आज मौसम विभाग ने मुंबई समेत गुजरात, मध्य प्रदेश आदि 14 राज्यों में भारी वर्षा की चेतावनी दी

मौसम विभाग ने आज गुजरात में भारी से भारी बारिश होने की आशंका जताई है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान समेत 14 राज्यों में भारी वर्षा का अलर्ट है।

मुंबई, ठाणे और कोंकण में लगातार दूसरे दिन सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। उधर, मुंबई में मंगलवार रात से जारी बारिश के चलते सड़क, रेल और हवाई यातायात व्यवस्था चरमरा गई।

बुधवार रात तक मुंबई से उड़ान भरने वाली 20 फ्लाइट रद्द कर दी गईं, जबकि 280 में देरी हुई। रेलवे ने ट्रैक डूबने से 10 ट्रेनों को रद्द कर दिया।

मौसम विभाग ने आज भी मुंबई, ठाणे और कोंकण में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। जिसके बाद शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े ने इन इलाकों में आने वाले सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है।

मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों के लिए महाराष्ट्र के ठाणे, पुणे, रायगढ़, रत्नागिरि, सिंधुदुर्ग और पालघर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

नागपुर के करीब 100 गांवों का संपर्क मुख्यालयों से कट गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंत्रालय के करीब 1000 कर्मचारी बुधवार रात को मंत्रालय में ही रुके रहे।

वहीं बीएमसी ने अपने 145 स्कूलों को अस्थाई राहत केंद्रों में बदल दिया। कुर्ला इलाके में मीठी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। वहां नदी किनारे रहने वाले 1500 लोगों को एनडीआरएफ ने रेस्क्यू किया।

मुंबई में बारिश की वजह से बुधवार को 20 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 280 देरी से चल रही हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने भी कहा कि कम दृश्यता की वजह से 15 विमानों को डायवर्ट किया गया। उड़ानों में करीब 45 मिनट की देरी हो रही है।

रेलवे के मुताबिक, ट्रैक पर पानी भरने के कारण मुंबई से 10 ट्रेनें रद्द कर दी गईं। दूसरी ओर, लोकल ट्रेनों में देरी के कारण गुस्साए यात्रियों ने अंधेरी और सीएसटी स्टेशनों पर प्रदर्शन किया और ट्रेन रोककर विरोध जताया।

मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, उत्तराखंड, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, केरल, कोंकण-गोवा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

बीते एक हफ्ते में देश के 11 राज्यों में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। वहीं 17 राज्यों में सामान्य बारिश हुई। महाराष्ट्र में 1 जून से 4 सितंबर तक 1053 मिमी बारिश हुई, जो औसत 857 मिमी से करीब 23% ज्यादा है।

Check Also

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को दिया एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने का निर्देश

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को 1 अप्रैल, 2023 तक एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *