अमेरिका के विदेश मंत्री जॉन केरी ने की भारत की तारीफ

john_kerry_gesture_ap_img

विदेश मंत्री जॉन केरी ने भारत के 69वें स्वतंत्रता दिवस से पूर्व महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार वल्लभ भाई पटेल की विरासत को याद करते हुए कहा है कि भारत दुनिया के लिए प्रकाशस्तम्भ की तरह खड़ा रहा है।केरी ने अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा की ओर से भारत के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने संदेश में कहा कि भारत 1947 से विश्व के लिए एक प्रकाशस्तम्भ की तरह खड़ा रहा है। यह एक ऐसी आर्थिक शक्ति रहा है, जिसे अपने नवोन्मेष पर गर्व है, एक ऐसा लचीला लोकतांत्रिक देश है जो आतंकवाद से भी जूझ रहा है और यह एक ऐसी रणनीतिक ताकत है जो अंतरराष्ट्रीय नियमों को बरकरार रखता आया है। उन्होंने कल कहा कि विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश होने के नाते भारत और अमेरिका स्वतंत्रता एवं अपने मूल्यों की रक्षा करने और इन्हें बढ़ावा के लिए साथ-साथ खड़े हैं।

केरी ने कहा कि जनवरी में भारत के गणतंत्र दिवस में भाग लेने के लिए राष्ट्रपति ओबामा की यात्रा यह दर्शाती है कि अमेरिका को भारत के साथ अत्यावश्यक साझेदारी पर गर्व है। दोनों देशों के बीच मित्रता का आधार हमारे साझा लोकतांत्रिक मूल्य, हमारे लोगों में उद्यमशीलता की भावना और हमारे साझे हित हैं। केरी ने स्वतंत्रता दिवस पर भारत के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हम महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल समेत भारत के स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत को याद करते हैं, जिनके अहिंसा के संदेश ने एकजुट, समावेशी गणतंत्र की स्थापना की और विश्वभर के नेताओं को प्रेरित किया। कई बार भारत की यात्रा कर चुके केरी ने कहा कि उन्हें भारत की समृद्ध राष्ट्रीय पहचान ने हमेशा आश्चर्यचकित किया है।

Check Also

अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस पहुंचेंगी दक्षिण कोरिया

उत्तर कोरिया द्वारा दो छोटी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल दागे जाने के ठीक एक दिन …