भारत के अंडमान और चीन में भूकम्प के झटके

ANDAMAN_EARTHQUAKE1-1

चीन के शिजियांग में सुबह नौ बजकर सात मिनट पर (भारतीय समयानुसार 6 बजकर 38 मिनट) भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता 6.5 थी। भूकंप में चार लोगों के मारे जाने और 48 के घायल होने की खबर है। उसी समय भारत के अंडमान द्वीप समूह में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.2 थी।चीन में आए भूकंप का केंद्र 37.5 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 78.2 डिग्री पूर्वी देशांतर पर जमीन के नीचे दस किलोमीटर की गहराई में था।अंडमान में आए भूकंप का केन्द्र 13.3 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 93.2 डिग्री पूर्वी देशांतर पर जमीन की सतह से 25 किलोमीटर की गहराई में था।

कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना की प्रांतीय कमिटी के अनुसार, शिजियांग में कई घरों को नुकसान पहुंचा है और कम्युनिकेशन सिस्टम प्रभावित हुआ है। इसके बाद 3.0 और 4.6 तीव्रता के आफ्टरशॉक भी महसूस किए गए।चीन के भूकंप आपदा प्रबंधन ने बताया कि सुरक्षा कारणों से होतन शहर का एयरपोर्ट बंद कर दिया गया है।चीन के अर्थक्वेक नेटवर्क सेंटर के रिसर्चर सन शिहोंग के मुताबिक भूकंप का केंद्र शिनजियांग के गुमा में था। शिनजियांग प्रांत में एक हफ्ते के अंदर यह दूसरा और इस साल का आठवां भूकंप आया है। जहां तक गुमा की बात है तो यहां की आबादी 2 लाख है। यहां अधिकतर लोग खेती करते हैं।

आबादी में मुस्लिम उइघरों की संख्या ज्यादा है। चीन में पिछला ताकतवर भूकंप 2008 में सिचुआन में आया था। इसमें 70 हजार लोगों की मौत हुई थी।पृथ्वी के अंदर 7 प्लेट्स हैं जो लगातार घूम रही हैं। जहां ये प्लेट्स ज्यादा टकराती हैं, वह जोन फॉल्ट लाइन कहलाता है। बार-बार टकराने से प्लेट्स के कोने मुड़ते हैं। जब ज्यादा दबाव बनता है तो प्लेट्स टूटने लगती हैं। नीचे की ऊर्जा बाहर आने का रास्ता खोजती है। हलचल के बाद भूकंप आता है।अर्थक्वेक ट्रैक एजेंसी के मुताबिक हिमालयन बेल्ट की फॉल्ट लाइन के कारण एशियाई इलाके में ज्यादा भूकंप आ रहे हैं। इस साल अप्रैल-मई में नेपाल में आए भूकंप के कारण करीब 8 हजार लोगों की मौत हुई थी। हिमालय कुछ सेंटीमीटर की दर से उत्तर में खिसक रहा है। हिमालयन फॉल्ट लाइन पर भारत सरकार की मदद से अमेरिकी वैज्ञानिकों ने एक स्टडी की थी। यह स्टडी यूएस जर्नल लिथोस्फीयर और जेजीआर में छपी थी।

Check Also

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को दिया एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने का निर्देश

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को 1 अप्रैल, 2023 तक एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने …