भारत ने 12वें दक्षिण एशियाई खेलों लगाया स्वर्ण पदकों का शतक

south-asian-games-12

भारत ने 12वें दक्षिण एशियाई खेलों (सैग) में अपने स्वर्ण बटोरो अभियान को तेजी से आगे बढ़ाते हुए बुधवार को अपनी पदकों की संख्या 117 स्वर्ण, 61 रजत और 16 कांस्य सहित कुल 194 पहुंचाकर ‘स्वर्णिम शतक’ लगा दिया.भारत ने इन खेलों में अपना पदक शतक चार दिनों में ही पूरा कर लिया था और बुधवार को उसने स्वर्णिम शतक भी पूरा कर लिया. श्रीलंका 24 स्वर्ण सहित 133 पदकों के साथ दूसरे और पाकिस्तान सात स्वर्ण सहित 59 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है. बंगलादेश तीन स्वर्ण सहित 53 पदक जीतकर चौथे स्थान पर है.
        
भारतीय  तैराकों ने खेलों के पांचवे दिन कमाल का प्रदर्शन करते हुये पांच स्वर्ण पदकों पर कब्जा किया. तैराकी प्रतियोगिता का बुधवार को आखिरी दिन था और भारत ने इसमें सर्वाधिक 23 स्वर्ण पदक जीते जबकि श्रीलंका ने तीन स्वर्ण पदक जीते. श्रद्धा सुधीर ने महिलाओं की 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले  स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता तो वीरधवल खादे ने पुरुषों की 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा का स्वर्ण जीता. मेजबान देश को तीसरा स्वर्ण महिलाओं की 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में ज्योत्सना पंसारे ने दिलाया.

  
       
पुरुषों और महिलाओं की चार गुना 100 मीटर मेडले स्पर्धा का स्वर्ण भी भारतीय टीम ने अपने नाम किया लेकिन पुरूषों में सानू देबनाथ को रजत पदक से संतोष करना पड़ा. श्रद्धा ने 200 मी. मेडले स्पर्धा में दो मिनट 31.18 सेकंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया और स्वर्ण जीता. पुरूषों में भारत के सानू देबनाथ 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले स्पर्धा में दो मिनट 11.65 सेकंड का समय लेकर दूसरे स्थान पर रहे और रजत जीता. 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा का रजत पदक भारत के अंशुल कोठारी के नाम रहा.

भारतीय निशानेबाजों ने उम्दा प्रदर्शन करते हुये बुधवार को इस  प्रतियोगिता में महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल, महिला टीम स्पर्धा और  पुरूषों ने 50 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धाओं में तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किया. स्टार निशानेबाज अपूर्वी चंदीला ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा का  स्वर्ण जीता. इसके बाद अपूर्वी ने पूजा घाटकर और एलिजाबेथ सुसान कोषी के  साथ महिलाओं की टीम स्पर्धा का स्वर्ण भी देश के खाते में डाला.

ओमकार सिंह, प्रकाश नंजप्पा और ओम प्रकाश की तिकड़ी ने पुरुष 50 मीटर  पिस्टल टीम स्पर्धा का स्वर्ण जीतकर निशानेबाजी में भारत के स्वर्ण पदकों की संख्या को तीन पहुंचा दिया. महिला 10 मीटर एयर स्पर्धा के तीनों पदकों  पर भारत ने निशाना साधा. अपूर्वी (419.8), पूजा (417.7) और एलिजाबेथ (411)  ने शीर्ष तीनों स्थान हासिल कर फाइनल के लिये क्वालिफाई किया. तीनों ने कुल  1248.5 का स्कोर कर टीम स्पर्धा का स्वर्ण जीता.
            
फाइनल में अपूर्वी  ने 209 का स्कोर कर स्वर्ण जीता जबकि एलिजाबेथ (207.1) ने रजत और पूजा  (185.9)ने कांस्य पदक अपने नाम किया. पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में ओमकार सिंह, प्रकाश ननजप्पा और ओम प्रकाश ने 1622 का स्कोर कर स्वर्ण  पर निशाना लगाया. व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत को रजत से संतोष करना पड़ा और  ओमप्रकाश (187.3) ने रजत जीता. ओमकार सिंह और प्रकाश ने आठ खिलाड़यिों के फाइनल के लिये क्वालिफाई किया और क्रमश: 550 तथा 540 का स्कोर कर शीर्ष  दो स्थान हासिल किये.
       
टेनिस में मेजबान देश ने महिला एकल, पुरुष युगल और मिश्रित युगल के स्वर्ण खिताब अपने नाम कर लिये. तीनों स्पर्धाओं के रजत पदक भी भारत ने जीता। देश की स्टार महिला एकल खिलाड़ी अंकिता रैना ने अपने  जबरदस्त प्रदर्शन की बदौलत स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाला और रामकुमार रामनाथन  तथा प्रशांत विजय की जोड़ी ने पुरूष युगल में स्वर्ण हासिल किया. 
        
महिला एकल में अंकिता ने हमवतन प्रेरणा भांबरी को लगातार सेटों में 6-1  6-0 से शिकस्त दिया. पुरूष युगल में दिविज शरण और सनम सिंह की जोड़ी को हमवतन रामकुमार  और प्रशांत की जोड़ी ने 6-3  6-4 से हराकर सोना जीता. मिश्रित युगल में अंकिता रैना और दिविज शरण ने हमवतन जोड़ी सनम सिंह और प्रार्थना थोंबरो को 6-2, 7-6 से हराकर स्वर्ण पदक जीता.

भारतीय तीरंदाजों ने व्यक्तिगत  रिकर्व महिला, व्यक्तिगत रिकर्व पुरूष तथा रिकर्व महिला, पुरूष एवं  मिश्रित टीमों में शानदार प्रदर्शन करते हुये पांच स्वर्ण पदक जीते. महिला  व्यक्तिगत रिकर्व मुकाबले में दीपिका ने फाइनल में हमवतन बोम्बयाला देवी को हराकर सोना जीता जबकि बोम्बयाला को रजत मिला. पुरूष व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में भारत के तरूणदीप राय ने हमवतन गुरचरण बेसरा को फाइनल में हराकर  स्वर्ण अपने नाम किया जबकि गुरचरण बेसरा को रजत पदक से संतोष करना पड़ा.  
      
महिला रिकर्व टीम  स्पर्धा में भारत की दीपिका, बाम्बयाला और लक्ष्मीरानी माझी की तिकड़ी ने श्रीलंकाई टीम को 6-0 से हराकर स्वर्ण पर कब्जा जमाया। पुरूष रिकर्व टीम में  तरूणदीप, गुरचरण और जयंत तालुकदार की तिकड़ी ने भारत को सोना दिलाया. भारत  ने श्रीलंका को 5-1 से हराया। मिश्रित रिकर्व टीम स्पर्धा में दीपिक और तरूणदीप ने बंगलादेश की टीम को 6-0 से हराकर स्वर्ण पर निशाना साधा.

एथलेटिक्स की फील्ड एंड ट्रेक स्पर्धा में भारत ने दस स्वर्ण पदकों पर कब्जा जमाया जबकि श्रीलंका ने चार स्वर्ण पदक जीते। ट्रैक इवेंट में 100 मीटर बाधा दौड़ (पुरुष और महिला) के स्वर्ण पदक, 400मीटर (पुरुष और महिला) के स्वर्ण पदक हासिल किया. श्रीलंका ने पुरुषों की 800 मीटर स्पर्धा का स्वर्ण और चार गुना 100 मीटर रिले पुरुष तथ महिला का स्वर्ण जीता. 
       
भारतीय एथलीट गायी ने महिलाओं की 100  मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण अपने नाम किया जबकि भारत की ही सजीता केवी ने  दूसरे स्थान पर रहकर रजत जीता. महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ में गायी  ने 13.83 सेकंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया जबकि सजीता 14.26 सेकंड  का समय लेकर दूसरे स्थान पर रहीं. 
        
पुरुषों के 800 मीटर दौड़ में भारत के अजय कुमार सरोज को कांस्य पदक जबकि श्रीलंका के इंदुनिल हेरात ने स्वर्ण जीता। पुरुषों के 110 मीटर बाधा दौड़ में सुरेन्द्र जे ने मेजबान देश को स्वर्ण पदक दिलाया तथा इस स्पर्धा का रजत प्रेम कुमार ने जीता. महिलाओं की 400 मीटर रिले दौड़ में श्रीलंका टीम को स्वर्ण  मिला जबकि भारत को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। पुरुषों की 400 मीटर रिले  दौड़ का कांस्य भारत ने जीता और स्वर्ण श्रीलंका के खाते में गया.

भारत ने लंबी कूद (पुरुष), भाला फेंक (पुरुष), ऊंची कूद (महिला), लंबी कूद (पुरुष), डिस्कस थ्रो (पुरुष) और तिहरी कूद (महिला) स्पर्धाओं के स्वर्ण पदक भी अपनी झोल में डाले। पुरुषों के लिए पोल वॉल्ट में सोना  श्रीलंका ने जीता.
             
मेजबान देश के राजीव अरोक्या ने 400 मीटर पुरुष स्पर्धा का स्वर्ण जीता जबकि इस स्पर्धा का रजत पदक भी भारत के ही कुन्ही मोहम्मद ने अपने नाम किया. महिला वर्ग में 400 मीटर दौड़ का स्वर्ण भारत  की एमआर पूवम्मा ने जीता. पुरुषों की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में सोने का तमगा भारत के अजरुन ने अपने नाम किया. इस स्पर्धा का रजत भारत के ही कृपाल सिंह ने जीता.
         
महिलाओं की ऊंची कूद का स्वर्ण और कांस्य पदक भारत के खाते में गया. साहना कुमारी ने स्वर्ण और स्वप्ना बर्मन ने कांस्य पदक अपने नाम किया. पुरुषों की पोल वॉल्ट स्पर्धा में सोना श्रीलंका के संदारुवन ने जीता जबकि रजत पदक भारत के सोनू सैनी ने के नाम रहा.

Check Also

विश्व टेबल टेनिस चैंपियनशिप के ग्रुप चरण में भारत ने जर्मनी को 3-1 से हराकर किया उलटफेर

भारत ने विश्व टेबल टेनिस चैंपियनशिप के ग्रुप चरण में दूसरी वरीय जर्मनी को 3-1 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *