आईपीएल के तीसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 37 रन से हराया

दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 37 रन से हरा दिया। यह मुंबई के खिलाफ उसकी लगातार तीसरी जीत है। पिछले सीजन में उसने रोहित शर्मा की टीम को दो मैच में हराया था। वहीं, मुंबई की टीम 2012 के बाद से टूर्नामेंट में अपना पहला मैच नहीं जीत सकी। 

ऋषभ पंत दिल्ली की जीत के हीरो रहे। उन्होंने 27 गेंद पर 78 रन की पारी खेली।दूसरी ओर, मुंबई के लिए पहला मैच खेल रहे युवराज सिंह ने भी अर्धशतक लगाया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। इससे पहले दिल्ली की टीम ने 20 ओवर में छह विकेट पर 213 रन बनाए।

मुंबई 19.2 ओवर में 176 रन ही बना सकी। जसप्रीत बुमराह चोट के कारण बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे।दिल्ली की पारी के आखिरी ओवर में बुमराह चोटिल हो गए। गेंदबाजी के दौरान वे मैदान में गिर गए। उनके बाएं कंधे में चोट लग गई।

बुमराह के गिरते ही कप्तान रोहित शर्मा, ऋषभ पंत, क्रुणाल पंड्या और कई खिलाड़ी दौड़कर उनके पास पहुंचे। वे भारतीय टीम के मुख्य गेंदबाज है। टीम इंडिया 30 मई से 14 जुलाई तक इंग्लैंड और वेल्स में वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी।

ऐसे में बुमराह का चोटिल होना भारतीय टीम के लिए मुश्किलें पैदा कर सकता है।मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा 14 रन बनाकर इशांत शर्मा की गेंद पर आउट हो गए। उनके बाद सूर्यकुमार यादव (2 रन) भी रन आउट हो गए। इशांत ने क्विंटन डीकॉक (27) को बोल्ट के हाथों कैच आउट कराया।

क्रुणाल पंड्या (32), कीरोन पोलार्ड (21), हार्दिक पंड्या (0), बेन कटिंग (3) भी पवेलियन लौट गए। दिल्ली के लिए इशांत और कगिसो रबाडा ने दो-दो विकेट लिए। इशांत को तीन साल और आठ मैच के बाद आईपीएल में विकेट मिला।

दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर पृथ्वी शॉ दूसरे ओवर में ही आउट हो गए। उन्हें मैक्लेनाघन ने सात रन के निजी स्कोर पर आउट किया। इसके बाद मैक्लेनाघन ने दिल्ली को दूसरा झटका देते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर को भी आउट कर दिया।

अय्यर 16 रन बनाकर पोलार्ड को कैच थमा बैठे। कॉलिन इनग्राम ने 47 रन और शिखर धवन ने 43 रन की पारी खेली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 83 रन की साझेदारी की। दिल्ली के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अर्धशतकीय पारी खेली।

पंत ने अपनी पारी के दौरान सात चौके और सात छक्के लगाए। पंत आईपीएल में मुंबई के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी के रिकॉर्ड को तोड़ा। धोनी ने 2012 में 20 गेंद में अर्धशतक लगाया था।

मुंबई ने अपनी टीम में जम्मू-कश्मीर के रासिख सलाम को भी शामिल किया। 17 साल के सलाम का यह पहला आईपीएल मैच है। युवराज सिंह ने भी मुंबई के लिए अपना डेब्यू किया।

Check Also

ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप 2022 से बाहर हुए भारत के शीर्ष तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह

भारत के शीर्ष तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप 2022 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *