पुलिस ने घरेलू हिंसा के तहत आम आदमी पार्टी के विधायक और दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसके बाद उनके ऊपर गिरफ्तारी की तलवार लटकी है। उनकी पत्नी लिपिका ने गुरुवार को दक्षिण-पश्चिम जिले की महिला अपराध शाखा में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच करने के बाद सोमनाथ भारती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इससे पहले दिल्ली महिला आयोग में भारती के खिलाफ घरेलू उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी।
अपनी शिकायत में लिपिका ने सोमनाथ भारती के खिलाफ मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न से जुड़े कई गंभीर आरोप लगाए हैं। शारीरिक उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों को देखते हुए पुलिस ने लिपिका की मेडिकल जांच कराई।उनका आरोप है कि गर्भावस्था के दौरान उन्हें कुत्ते से कटवाया गया था। दो महीने पहले भी उनके साथ मारपीट की गई थी। दक्षिणी-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त आरए संजीव ने बताया कि लिपिका को तत्काल एक सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराया है।