लोकसभा चुनाव के 10 में से 9 एग्जिट पोल्स ने एनडीए को दिया स्पष्ट बहुमत

लोकसभा चुनाव के 10 में से 9 एग्जिट पोल्स में एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है। वहीं, यूपीए को पिछली बार से दोगुनी सीटें मिलने के आसार हैं। 5 एग्जिट पोल्स में कहा गया है कि एनडीए को 300 से ज्यादा सीटें मिल सकती हैं।

10 एग्जिट पोल्स में एनडीए को दी गई सीटों का औसत 304 आता है। वहीं, यूपीए को दी गई सीटों का औसत 119 है। 2014 में एनडीए को 336, यूपीए को 60 और अन्य को 147 सीटें मिली थीं।उत्तर प्रदेश में भाजपा और अपना दल ने पिछली बार 80 में से 73 सीटें जीती थीं।

इस बार एग्जिट पोल्स में उसे न्यूनतम 22 और अधिकतम 68 सीटें दी गई हैं। वहीं, किसी भी एग्जिट पोल में बंगाल में भाजपा को 10 से कम सीटें नहीं दी गई हैं। भाजपा ओडिशा में नवीन पटनायक के गढ़ में सेंध लगा सकती है।

वहीं, तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक-भाजपा के मुकाबले कांग्रेस-द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन को ज्यादा सीटें मिलने के आसार हैं। बिहार में एनडीए 2014 का प्रदर्शन कायम रख सकता है। वहीं, महाराष्ट्र में एनडीए के मुकाबले यूपीए की सीटें बढ़ सकती हैं।

बिहार में 2014 में एनडीए (भाजपा-लोजपा-रालोसपा) ने 31 सीटें जीती थीं। कांग्रेस ने राजद और राकांपा के साथ 7 सीटें जीती थीं। जदयू ने अलग चुनाव लड़ा था। उसे 2 सीटें मिली थीं। इस बार जदयू भाजपा के साथ और रालोसपा कांग्रेस-राजद के साथ है।

Check Also

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को दिया एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने का निर्देश

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को 1 अप्रैल, 2023 तक एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *