पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा का विरोध मार्च, सुवेन्दु अधिकारी गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी को राज्य सचिवालय नबन्ना तक भारतीय जनता पार्टी के मार्च के दौरान संतरागाछी जाने की कोशिश करते समय हिरासत में ले लिया गया।भाजपा के नेता एवं सांसद लॉकेट चटर्जी और पार्टी नेता राहुल सिन्हा को भी हिरासत में लिया गया और उन्हें एक जेल वैन से ले जाया गया।

उन्हें सचिवालय के पास ‘सेकंड हुगली ब्रिज’ के नजदीक पुलिस प्रशिक्षण स्कूल के सामने रोका गया।पश्चिम बंगाल में मंगलवार को नाबन्न अभियान के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कई जगह पर जमकर झड़प देखी गई। पुलिस ने कारवाई करते हुए भाजपा के कई बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

हावड़ा के संतरागाछी इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने और तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का उपयोग किया और आंसू गैस के गोले दागे।हिरासत में लिये जाने से पहले सुवेन्दु अधिकारी ने कहा कि ये शांतिपूर्ण आंदोलन है। ये भ्रष्टाचार और बेरोज़गारी का मुद्दा है। बंगाल की जनता ममता जी के साथ नहीं है इसलिए वह बंगाल में उत्तर कोरिया की तरह तानाशाही कर रही हैं।

भाजपा कार्यकर्ताओं के इस अभियान में भाग लेने से रोकने के लिए कोलकाता जाने पर पुलिस ने रोक लगा दी है जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बोलपुर रेलवे स्टेशन पर भी झड़प की खबर है। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।भाजपा कार्यकर्ताओं को कोलकाता ले जा रही बसों को उत्तर 24 परगना में भी पुलिस ने रोका लिया दी है।

बता दें कि तृणमूल कांग्रेस सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के नबन्ना अभियान में हिस्सा लेने के लिए पश्चिम बंगाल से भाजपा समर्थक मंगलवार को सुबह कोलकाता और पास स्थित हावड़ा पहुंचने लगे।मार्च के लिए महानगर और हावड़ा में राज्य के विभिन्न हिस्सों से अपनी पार्टी के सदस्यों और समर्थकों को लाने के लिए भाजपा ने कई ट्रेनें – तीन उत्तर बंगाल से और चार दक्षिण बंगाल से किराए पर ली हैं।

पुलिस ने कहा कि भाजपा के ‘नबन्ना अभियान’ के मद्देनजर शहर के कई प्रमुख हिस्सों में यातायात प्रतिबंध लगा दिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि दूसरे हुगली पुल पर भी अवरोधक लगाए गए हैं, जो महानगर को नबन्ना से जोड़ता है।भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष के उत्तरी कोलकाता से मार्च का नेतृत्व करने की संभावना है, जबकि विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी संतरागाछी क्षेत्र से रैली का हिस्सा होंगे।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के उत्तरी कोलकाता में मार्च में शामिल होने की संभावना है।घोष ने कहा टीएमसी सरकार जन-विद्रोह से डरी हुई है। अगर वे हमारे विरोध मार्च को रोकने की कोशिश भी करते हैं, तो भी हम शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करेंगे। किसी भी अप्रिय घटना के लिए राज्य प्रशासन जिम्मेदार होगा।

इस बीच भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार पर लोकतांत्रिक विरोध को जबरन रोकने की कोशिश करने का आरोप लगाया। सिन्हा ने कहा हमारे समर्थकों को सोमवार शाम अलीपुरद्वार से सियालदह के लिए एक विशेष ट्रेन में चढ़ने से रोका गया और यहां तक ​​कि राज्य पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया।

ट्रेन बाद में हमारे कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ रवाना हुई।तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता जॉय प्रकाश मजूमदार ने कहा कि भाजपा अपनी संकीर्ण, पक्षपातपूर्ण राजनीति के लिए कोलकाता में अशांति पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा हम सभी से उनके जाल में नहीं फंसने का आग्रह करते हैं।भाजपा खेमा पिछले कुछ दिनों से राज्य भर में रैलियां निकाल रहा है, तथा पार्टी कार्यकर्ताओं से ‘नबन्ना अभियान’ को सफल बनाने के लिए कह रहा है।

Check Also

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को दिया एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने का निर्देश

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को 1 अप्रैल, 2023 तक एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *