Ab Bolega India!

द्रमुक प्रमुख करुणानिधि की हालत बिगड़ी, अस्पताल के बाहर समर्थकों का जमावड़ा

अस्पताल में भर्ती द्रविड़ मुनेत्र कझगम (द्रमुक) प्रमुख और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि (94) का स्वास्थ्य और बिगड़ गया। यूरिन इंफेक्शन और लो ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद उन्हें 27 जुलाई को चेन्नई के कावेरी अस्पताल में भर्ती किया गया था।

अस्पताल ने सोमवार शाम जारी मेडिकल बुलेटिन में कहा करुणानिधि की स्थिति में और गिरावट आई है। उनके शरीर के महत्वपूर्ण अंगों को ठीक रखना बड़ी चुनौती बनी हुई है। अगले 24 घंटे में उनकी स्थिति में बदलाव आने के बाद ही आगे के इलाज की दिशा तय हो सकेगी।

अस्पताल के बाहर द्रमुक नेता के सैकड़ों समर्थक मौजूद हैं। इसके चलते पुलिस ने अस्पताल के पास सुरक्षा और बढ़ा दी है। सोमवार दोपहर राकांपा प्रमुख शरद पवार भी कावेरी अस्पताल पहुंचे और करुणानिधि के बेटे स्टालिन और बेटी कनिमोझी से करुणानिधि की सेहत के बारे में जानकारी ली।

इससे पहले रविवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी करुणानिधि का हाल जानने पहुंचे थे। द्रमुक नेता की तबीयत बिगड़ने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन कर उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली थी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी कावेरी अस्पताल जा चुके हैं।

Exit mobile version