सुनील लांबा बने देश के नए नौसेना प्रमुख

sunil-lamba

एडमिरल सुनील लांबा ने नए नौसेना प्रमुख के रूप में आज कमान संभाली और देश के समुद्री सीमा क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। नेविगेशन एवं डायरेक्शन के विशेषज्ञ 58 वर्षीय लांबा के पास नौसेना प्रमुख के रूप में तीन वर्ष का कार्यकाल होगा। उन्होंने एडमिरल आर के धवन के बाद नौसेना प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली है। धवन सेवानिवृत्त हो गए हैं। उन्होंने कहा, ‘विश्व में सबसे अच्छी नौसेनाओं में शुमार भारतीय नौसेना की कमान संभालना वास्तव में सम्मान और सौभाग्य की बात है ।

लांबा ने कहा कि पिछले कई वषरें में नौसेना सभी तीनों आयामों में काम करने में सक्षम एक आधुनिक एवं सक्षम बल बनी है।उन्होंने कहा, ‘नौसेना में सेवाएं देने वाले पुरूष एवं महिलाएं पेशेवर रूप से प्रशिक्षित, प्रतिबद्ध एवं देशभक्त हैं और वे यह सुनिश्चित करने के प्रति प्रतिबद्ध हैं कि हमारे राष्ट्रीय हितों की किसी भी जगह, किसी भी समय और हर जगह रक्षा की जाए।’ डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज के पूर्व छात्र लांबा नौसेना प्रमुख बनने वाले 21वें भारतीय हैं। पहले दो नौसेना प्रमुख ब्रितानी थे।

नए नौसेना प्रमुख लांबा परम विशिष्ट सेवा मेडल समेत सेना के कई पदकों से सम्मानित हैं। वह इससे पहले मुंबई स्थित पश्चिमी कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ थे। उन्होंने इसी साल फरवरी में पश्चिमी कमान के प्रमुख का पद संभाला था। इससे पहले वह कोच्चि स्थित दक्षिणी कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ हुआ करते थे। लांबा का नाम पिछले कई महीने से नए नौसेना प्रमुख के तौर पर चल रहा था।

सुनील लांबा नेविगेशन और डायरेक्शन के विशेषज्ञ माने जाते हैं। 30 साल से ज्यादा के सेवा काल में उनका अच्छा खासा परिचालन संबंधी अनुभव रहा है। उन्होंने डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज से अपनी पढ़ाई की थी। वह आईएनएस सिंधुदुर्ग (कवरत्ति), आईएनएस दौनागिरी, आईएनएस रणविजय, आईएनएस हिमगिरी, आईएनएस मुंबई के नेविगेशन ऑफिसर के तौर पर काम कर चुके हैं।

Check Also

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को दिया एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने का निर्देश

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को 1 अप्रैल, 2023 तक एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *