कांग्रेस पार्टी का 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल राहुल गांधी के नेतृत्व में जाएगा लखीमपुर खीरी

कांग्रेस पार्टी का 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल राहुल गांधी के नेतृत्व में लखीमपुर खीरी जाएगा। इसमें राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट भी शामिल होंगे। कांग्रेस पार्टी के अनुसार प्रतिनिधमंडल दोपहर 12 बजे लखनऊ पहुंचेगा।

हालांकि इससे पहले शिवसेना नेता संजय राउत ने भी शाम को दिल्ली में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करने के बाद कहा था कि विपक्षी दलों के एक प्रतिनिधिमंडल को लखीमपुर भेजे जाने पर विचार किया जा रहा है।

वहीं कांग्रेस पार्टी की ओर से पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पहले से भी उत्तर प्रदेश में मौजूद हैं।गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने प्रियंका गांधी को गिरफ्तार कर लिया।

उनके लिए सीतापुर के पीएसी गेस्ट हाउस में अस्थायी जेल बना दी गई है। प्रियंका गांधी के साथ हरियाणा से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा और उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत कुल 11 लोगों के खिलाफ पुलिस ने धारा 151, 107, 116 के तहत मामला दर्ज किया है।

संजय राउत ने राहुल गांधी से मुलाकात के बाद कहा प्रियंका गांधी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अगर कानून सभी के लिए एक है, तो फिर क्यों प्रियंका गांधी जेल में हैं और अन्य मंत्री फ्री क्यों घूम रहे हैं?उन्होंने कहा विपक्षी नेताओं को किसानों से मिलने से रोका जा रहा है।

उत्तर प्रदेश में सरकार के दमन के खिलाफ विपक्ष को एकजुट होकर कदम उठाने की जरूरत है।गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा में 8 लोगों के मारे जाने की जानकारी सामने आ रही है, जिसमें किसान भी शामिल हैं।उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लखीमपुर आ रहे थे और इसके खिलाफ किसानों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था।

उसी दौरान हिंसा हुई और इसके लिए केंद्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे और किसानों के प्रदर्शन में शामिल उपद्रवी तत्वों को जिम्मेदार बताया जा रहा है। हालांकि अभी पूरे मामले की जांच चल रही है। हिंसा के बाद इलाके में धारा-144 लागू कर दी गई है और इंटरनेट पर पाबंदी लगी हुई है।

Check Also

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को दिया एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने का निर्देश

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को 1 अप्रैल, 2023 तक एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *