बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और सीपीआई (एम) महासचिव सीताराम येचुरी से मुलाकात की।बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने दिल्ली के समकक्ष अरविंद केजरीवाल से राष्ट्रीय राजधानी में मुलाकात की। कुमार की इस मुलाकात का उद्देश्य वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए विपक्ष को एकजुट करना है।
दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) नेता संजय झा भी मौजूद थे।केजरीवाल से पहले कुमार ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव डी.राजा से भी उनके पार्टी कार्यालयों में मुलाकात की थी।
बैठक के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि वह प्रधानमंत्री पद के दावेदार नहीं है और उनकी ऐसी कोई इच्छा भी नहीं है।बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा हमने चर्चा की है कि अगर वाम दलों, राज्यों में क्षेत्रीय दलों और कांग्रेस समेत सभी दल एक साथ आते हैं, तो यह एक बड़ा राजनीतिक गठन होगा।येचुरी ने कहा कि यह सकारात्मक संकेत है, जिससे देश में अच्छा राजनीतिक विकास होगा।
कुमार का दोपहर में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला से भी मिलने का कार्यक्रम है।जदयू नेता सभी विपक्षी दलों को वर्ष 2024 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का संयुक्त मुकाबला करने के लिए एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं और उनका विशेष जोर समाजवादी पृष्टभूमि की पार्टियों को एकसाथ लाने पर है।
पिछले महीने भाजपा से नाता तोड़ने वाले कुमार ने रविवार को कहा था कि उनका एकमात्र लक्ष्य भाजपा को केंद्र की सत्ता से हटाने के लिए विपक्ष को एकजुट करना है।कुमार ऐसे समय दिल्ली के दौरे पर आए हैं जब कयास लगाए जा रहे हैं कि वर्ष 2024 में होने वाले चुनाव के लिए वह विपक्ष के प्रधानमंत्री पद उम्मीदवार हो सकते हैं।
नीतीश कुमार भाजपा के खिलाफ एकीकृत मोर्चा बनाने पर विपक्षी नेताओं से बातचीत करने राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ करीब एक घंटे तक बैठक की।नई दिल्ली पहुंचने से पहले, नीतीश कुमार ने पटना में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आधिकारिक आवास पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद से मुलाकात की। बैठक में उनके साथ उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे।